महिलाओं को 40 फ़ीसदी टिकट, रोज़गार, स्मार्टफोन और स्कूटी के साथ सुरक्षा का वादा
असबाबे हिन्दुस्तान
लखनऊ, निजी समाचार । कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी नें आज रायबरेली में ‘‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’’ शक्ति संवाद महिला सशक्तिकरण महाअभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों मे काम करने वाली महिलाओं और कॉलेज की लड़कियों से बातचीत किया। रायबेरली शहर के रिफार्म क्लब में आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और प्रभारी उत्तर प्रदेश श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा ने ‘‘थीम सांग’’ के साथ महिला घोषणा पत्र जारी किया। श्रीमती प्रियंका गांधी जी ने ‘‘शक्ति विधान’’ शीर्षक से महिला घोषणा पत्र जारी करते हुए महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलम्बन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा, और सेहत अर्थव्यवस्था से जुड़ी तमाम घोषणाएं कीं। श्रीमती प्रियंका गांधी ने शक्ति विधान कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम सारी महिलाएं एकजुट हो जायें और तय कर लें कि हम इस देश की राजनीति को बदल देंगे तो निश्चित ही महिला स्वाभिमान सम्मान की राजनीति बदल जायेगी। महिलायें अगर कह दें कि हमारे लिए काम करो वरना हम तुम्हें वोट नहीं देंगे। हमने महिलाओं के लिए पहली बार अलग से घोषणा पत्र बनाया है। इसका असर यह हुआ कि प्रधानमंत्री जी पहली बार महिलाओं का कार्यक्रम बुला रहें हैं। अन्य राजनीतिक दल भी अब महिलाओं के लिए घोषणाए कर रहें हैं। मैं बहुत खुश हूं कि एक छोटी पहल से सभी पार्टियां महिलाओं के बारे में सोच रहीं हैं। श्रीमती गांधी ने कहा कि उन्नाव से हाथरस तक हर जगह यही दिखता है कि लडकियां बहादुरी से लड़ रहीं हैं। मुझे जिन पुलिसकर्मी लड़कियों ने लखीमपुर जाते समय गिरफ्तार किया था मैंने पाया कि उनका भी शोषण हो रहा है। प्रदेश में हर कहीं महिलाओं पर अत्याचार हो रहें हैं और उल्टा पीड़ितों पर हीं मुकदमा दर्ज किया जाता है। यह गलत है इसे बदलना होगा। हम सब साथ मिलकर परिवर्तन लायेंगे। समाज को समझायेंगे महिलाओं को बराबरी का अधिकार चाहिए, महिलाओं को नकार नहीं सकते। श्रीमती गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनने के बाद 20 लाख नौकरियां देने का वादा किया है, यानी 8 लाख नौकरियां महिलाओं को दी जाएंगी। महिला स्वयं सहायता समूहों को कम ब्याज़ दर पर कर्ज मुहैया कराया जाएगा। 50 फ़ीसदी महिलाओं को नौकरी पर रखने वाले संस्थानों को टैक्स में छूट दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं को कांग्रेस 40 फ़ीसदी टिकट और रोज़गार में आरक्षण प्रावधानों के तहत 40 फ़ीसदी नौकरियां भी दी जायेंगी। श्रीमती प्रियंका गांधी ने महिलाओं के लिए जारी किये गये घोषणा पत्र को ऐतिहासिक कदम बताया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें